वनरक्षक पेपर लीक कांड में एसओजी की बड़ी कामयाबी—भोपाल से पेपर चुराने वाला केडी डॉन गिरफ्तार
राजस्थान में सरकारी भर्तियों को प्रभावित करने वाली संगठित पेपर लीक गैंग पर एसओजी ने एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2020 के बहुचर्चित पेपर लीक प्रकरण में एसओजी ने उस आरोपी को दबोच लिया है जिसने भोपाल स्थित प्रिंटिंग प्रेस से गोपनीय प्रश्नपत्र चोरी कर मुख्य सरगना तक पहुंचाए थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खिलान सिंह उर्फ केडी डॉन के रूप में हुई है।
जबराराम जाट की पूछताछ से खुला कड़ी का सुराग
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के अनुसार, 13 नवंबर 2022 को आयोजित वनरक्षक परीक्षा में पेपर लीक मामले में पहले से गिरफ्तार 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी जबरा राम जाट की पूछताछ के दौरान इस बड़े षड्यंत्र का खुलासा हुआ।जबराराम ने पूछताछ में पेपर के स्रोत की जानकारी दी, जिसके आधार पर एसओजी की टीम सीधे पेपर चोरी करने वाले तक पहुंची और उसे भोपाल में एक दबिश के दौरान हिरासत में ले लिया।
...










