Friday, December 19

दिल्ली क्राइम न्यूज़: राजधानी में कानून के रक्षक भी नहीं सुरक्षित! कड़कड़डूमा कोर्ट के जज से रोडरेज में बदसलूकी, पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा आरोपी

नई दिल्ली। देश की राजधानी में कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली घटना सामने आई है। शाहदरा के कृष्णा नगर इलाके में कड़कड़डूमा कोर्ट के एक सेशन जज को रोडरेज का शिकार होना पड़ा। कोर्ट के लिए घर से निकले जज साहब को एक बाइक सवार ने न सिर्फ रास्ते में रोका, बल्कि सरेआम बदतमीजी और धक्का-मुक्की भी की। जज द्वारा पुलिस को सूचना देने पर आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।

This slideshow requires JavaScript.

धीमी रफ्तार में चल रही बाइक बनी विवाद की वजह
घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की है। सेशन जज अपनी कार से कोर्ट की ओर जा रहे थे। तभी कृष्णा नगर क्षेत्र में उनकी कार के आगे एक बाइक काफी धीमी गति से चल रही थी। बार-बार हॉर्न देने पर नाराज होकर बाइक सवार ने अपनी वाहन जज की कार के आगे रोक दी।
इसके बाद वह गुस्से में कार के पास जाकर जज से बहस पर उतर आया। जज जब कार से बाहर आए तो आरोपी ने उनसे बदसलूकी शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने धक्का-मुक्की भी की।

कॉल करते ही मौके से भागा आरोपी
जज ने तुरंत पुलिस को फोन किया, जिसके बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कृष्णा नगर थाने में जज के बयान के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई।

सीसीटीवी से मिली सुराग, गुरुवार तड़के दबोचा गया आरोपी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक का नंबर मिला, जिसके आधार पर पुलिस न्यू उस्मानपुर स्थित आरोपी के घर पहुंची। वहां वह नहीं मिला, लेकिन तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस कर गुरुवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान कृष्णा तोमर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

यह घटना एक बार फिर राजधानी में रोडरेज की बढ़ती घटनाओं और आम नागरिकों से लेकर उच्च पदस्थ अधिकारियों तक की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

Leave a Reply