राहुल गांधी को साथ लेकर यमुना का पानी पिएं अरविंद केजरीवाल : नायब सिंह सैनी


Nayab Singh Saini
Nayab Singh Saini News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल से कहा कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपने साथ लेकर जाएं और दिल्ली के राजघाट के पास यमुना नदी का पानी पिएं, जैसा उन्होंने दिल्ली-हरियाणा सीमा पर दहिसरा गांव के पास किया था। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आप प्रमुख केजरीवाल द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए हरियाणा ने कहा है कि वह राष्ट्रीय राजधानी को स्वच्छ पानी दे रहा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अपने पहले चुनाव में कहा था कि वह यमुना को साफ करेंगे, लेकिन इस संबंध में कुछ नहीं किया।  

 

मुख्यमंत्री सैनी ने बुधवार को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर दहिसरा गांव के पास यमुना नदी के ‘पॉइंट नंबर-चार’ का दौरा किया और पूजा-अर्चना कर यमुना के पानी का आचमन किया। सैनी ने कहा था कि उनके राज्य से राष्ट्रीय राजधानी में आने वाला पानी किसी तरह जहरीला नहीं है।

ALSO READ: नायब सिंह सैनी : सुर्खियों से दूर रहने वाले नेता से शीर्ष पद तक का सफर

बृहस्पतिवार को पानीपत में सैनी ने कहा कि हरियाणा दिल्ली को साफ पानी दे रहा है। सैनी ने कहा कि उन्होंने हरियाणा-दिल्ली सीमा पर दिल्ली में प्रवेश करने वाली यमुना का पानी पिया। सैनी ने कहा, मैं केजरीवाल को आमंत्रित करता हूं कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपने साथ लेकर राजघाट के पास यमुना का पानी पिएं और वहां स्नान करें।

ALSO READ: यमुना में जहर डालने के आरोप की राजनीति डरावनी

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अपने पहले चुनाव में कहा था कि वह यमुना को साफ करेंगे, लेकिन इस संबंध में कुछ नहीं किया और अब वह हरियाणा को दोष देना शुरू कर रहे हैं। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour



Source link

Leave a Reply

Back To Top