Delhi Elections : भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, PM मोदी और अमित शाह समेत 40 नाम


Narendra Modi
BJP star campaigners list : भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा योगी आदित्यनाथ सहित अपने 7 मुख्यमंत्रियों के नामों की घोषणा की। इस सूची में पूर्वांचली से ताल्लुक रखने वाले पार्टी के कई प्रमुख चेहरे भी शामिल हैं। इनमें भोजपुरी स्टार और सांसद मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव निरहुआ का नाम शामिल हैं। दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

 

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार से ताल्लुक रखने वाले पूर्वांचल के लोग बड़ी संख्या में राष्ट्रीय राजधानी में मतदाता हैं। दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, हरदीप सिंह पुरी और गिरिराज सिंह के नाम शामिल हैं।

ALSO READ: राहुल गांधी के बयान पर बवाल, हमारी लड़ाई भाजपा और संघ के साथ ही इंडियन स्टेट से भी

भाजपा के स्टार प्रचारकों के रूप में दिल्ली में प्रचार करने के लिए सात मुख्यमंत्रियों में देवेंद्र फडणवीस, हिमंत विश्व शर्मा, पुष्कर सिंह धामी, योगी आदित्यनाथ, भजनलाल शर्मा, नायब सिंह सैनी और मोहन यादव शामिल हैं। दिल्ली के सभी सात सांसद भी सूची में शामिल हैं।

 

दिल्ली भाजपा प्रभारी बैजयंत पांडा, सह-प्रभारी अलका गुर्जर और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा भी चुनाव के लिए स्टार प्रचारक होंगे। साल 1998 से दिल्ली की सत्ता से बाहर भाजपा, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है। दिल्ली में 2015 से ‘आप’ शासन कर रही है।

ALSO READ: सिंधिया समर्थक जसमंत जाटव को जिला अध्यक्ष बनाने पर भड़के भाजपा विधायक, कहा चुनाव में खुलकर किया विरोध

भाजपा सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिल्ली में दो-तीन रैलियों को संबोधित करने की संभावना है, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शहर के प्रत्‍येक लोकसभा क्षेत्रों में सात चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। भाजपा के एक पदाधिकारी ने कहा, दिल्ली में प्रधानमंत्री द्वारा रोड शो की भी मांग की गई है लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour



Source link

Leave a Reply

Back To Top