Weather Update: पूरे देश में कड़ाके की ठंड, दिल्ली NCR में ठंड से बुरा हाल, IMD का अलर्ट



Weather Forecast: पूरा देश कड़ाके की ठंड (severe cold) की जद में है। ठंड ने अपने तीखे तेवर दिखा दिए हैं। इस ठंड से गरीबों का बुरा हाल हो रहा है और वे अलाव से दिन गुजार रहे हैं। ठंड के तेवर के आगे सूर्य भी निस्तेज नजर आ रहा है। पहाड़ों से चलने वाली ठंडी हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी है। आईएमडी ने बुधवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तरप्रदेश में सुबह के समय कोहरा और शीत दिवस को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जबकि हिमाचल में पाला को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में फिर से शुक्रवार से रविवार तक बारिश की संभावना है।

 

दिल्ली-एनसीआर में बारिश से पारा गिरा : दिल्ली-एनसीआर में बारिश से एक बार फिर से पारा नीचे जाने वाला है। दिल्ली में अगले 24 से 48 घंटों के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है। दिल्ली में फिलहाल न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री के बीच है।ALSO READ: दिल्ली में बारिश से बढ़ी ठंड, हिमाचल में बर्फबारी, कश्मीर में बढ़ा रात का तापमान

 

पूरा उत्तर भारत कोहरे की चपेट में : दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत कोहरे की चपेट में है। मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश और ओडिशा में कोहरे की वजह से दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झरखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में घने कोहरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और मध्यप्रदेश में शीत दिवस का अलर्ट जारी किया गया है।ALSO READ: यूपी से राजस्थान तक कड़ाके की ठंड, डल झील जमी, लद्दाख में पारा शून्य से 19 डिग्री नीचे

 

पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर शिफ्ट हो गया है और अब यह मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी पवनों में एक ट्रफ के रूप में स्थित है। इसका अक्षांश 5.8 किमी की ऊंचाई पर, औसत समुद्र तल से ऊपर, लगभग 80° पूर्व देशांतर और 28° उत्तर अक्षांश के उत्तर में स्थित है।

 

चक्रवाती परिसंचरण स्थित : एक चक्रवाती परिसंचरण पश्चिमी उत्तरप्रदेश में निचले स्तरों पर स्थित है। मध्य महाराष्ट्र पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम पर भी चक्रवाती परिसंचरण है। भूमध्यरेखीय हिन्द महासागर और इससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण है। इस चक्रवाती परिसंचरण से तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 10 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

 

पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी भागों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचलप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई।

 

इन राज्यों में बारिश दर्ज : उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर पश्चिम उत्तरप्रदेश और लक्षद्वीप में हल्की बारिश हुई। झारखंड और अरुणाचल प्रदेश के 1-2 स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उत्तरप्रदेश के 1-2 स्थानों पर कड़ाके की ठंड से लेकर सामान्य ठंड का प्रकोप रहा।

 

एमपी और राजस्थान में तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिरा : पंजाब, दिल्ली और पश्चिमी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंड का असर देखा गया। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, बिहार और उत्तरप्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर गया।ALSO READ: उत्तर भारत में बारिश और ठंड का प्रकोप, भारी बर्फबारी के बाद क्या है कश्मीर का हाल?

 

इंदौर में तापमान गिरा, 3.8 डिग्री से नीचे आया, चलेगी शीतलहर : इंदौर में तेज सर्द हवाओं के चलते ठंड का दौर फिर से शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटों में दिन का तापमान 6 डिग्री गिरकर 24°C (-2) पर पहुंच गया है, जबकि रात का तापमान 3.8 डिग्री की गिरावट के साथ 9.3°C (-1) दर्ज किया गया। जनवरी के पहले सप्ताह में यह दूसरी बार ऐसा हुआ है। 

 

आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज बुधवार, 8 जनवरी को असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 1-2 स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। सिक्किम, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

 

अगले 2-3 दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट की संभावना है। 24 घंटे के बाद मध्यभारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और ओडिशा के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है। पूर्वी उत्तरप्रदेश में कड़ाके की ठंड से लेकर सामान्य ठंड का असर रह सकती है, वहीं राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में भी ठंड का असर देखने को मिल सकता है।(Photo courtesy: IMD)

 

Edited by: Ravindra Gupta



Source link

Leave a Reply

Back To Top