
		
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में मंगलवार को संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 6 पर्यटक घायल हो गए। इधर मीडिया की खबरों के मुताबिक हमले में 2 लोगों की मौत हो गई है और 12 घायल हुए हैं। घायलों में एक राजस्थान का दंपत्ति भी है जबकि दो स्थानीय पर्यटक हैं। घायलों में से कुछेक की हालत गंभीर बताई जा रही है। यूएई दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से पूरे मामले की जानकारी ली है। मीडिया खबरों के मुताबिक अमित शाह पहलगाम जाएंगे और घटनास्थल का दौरा करेंगे। गृह मंत्री शाह शाम 7 बजे पहलगाम के लिए रवाना होंगे।
नाम पूछकर मारी गोली
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले में घायल हुए लोगों ने न्यूज चैनल को बताया कि आतंकवादियों के एक गुट ने सैर-सपाटा के दौरान मैगी खा रहे सैलानियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। आतंकवादियों ने टूरिस्ट का नाम पूछकर अपनी हैवानियत दिखाई। घायलों और मौके पर मौजूद लोगों ने कैमरे पर बताया है कि आतंकवादियों ने पहले सैलानियों से उनका नाम पूछा और हिन्दू नाम सुनने के बाद गोली मार दी।
एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले में 6 पर्यटक घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंचे सुरक्षा बलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 6 घायलों को पहलगाम अस्पताल लाया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें से 4 गैर स्थानीय हैं और दो स्थानीय हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक लोकप्रिय दर्शनीय स्थल के पास गोलियों की आवाज आने से पर्यटकों में अफरा-तफरी और भय का माहौल है। इलाके को सुरक्षित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है और एहतियात के तौर पर पर्यटकों की आवाजाही को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
अधिकारियों ने हमलावरों की पहचान या संबद्धता के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इस क्षेत्र में गर्मियों के मौसम से पहले पर्यटकों की गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है।
जानकारी के लिए पहलगाम दक्षिण कश्मीर का बेहद खूबसूरत इलाका है। देशभर से यहां बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। खासकर गर्मी सीजन में यहां प्रतिदिन हजारों टूरिस्ट पहुंचते हैं। आतंकी घटना से पहलगाम की पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। Edited by: Sudhir Sharma

 
			 
			 
			