भारत का स्वर्ण युग शुरू हो गया है : चंद्रबाबू नायडू


Chandrababu Naidu
Chandrababu Naidu News : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि भारत का स्वर्ण युग शुरू हो गया है और देश सबसे तेज विकास दर हासिल करेगा। नायडू ने स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच में यह टिप्पणी की। मुख्यमंत्री नायडू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र स्थिरता प्रदान करता है और हर कोई विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर भरोसा कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश क्रय शक्ति समता के आधार पर तीसरा और विश्व में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

 

नायडू ने बुधवार रात केंद्रीय मंत्रियों और अन्य राज्यों के अपने समकक्षों के साथ बातचीत में कहा, भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है…दुनिया देख रही है और वे अब भारत की ओर देख भी रहे हैं। इतने सारे क्षेत्र, अवसर भी प्रचुर हैं… भारत के लिए स्वर्ण युग शुरू हो गया है।

ALSO READ: PM मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 में पहले या दूसरे स्थान पर होगा : चंद्रबाबू नायडू

ब्लूमबर्ग एनालिटिक्स का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि भारत 2028 से दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था होगा और उसके बाद देश नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले की तुलना में ‘ब्रांड इंडिया’ बहुत मजबूत है, जो साल दर साल मजबूत होता जा रहा है।

 

नायडू ने अपने पिछले अनुभवों को याद करते हुए कहा, मैंने भारत में सब कुछ देखा है। हमेशा चर्चा होती थी कि भारत अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। यहां तक ​​कि कुछ राष्ट्र प्रमुखों के साथ भी मेरे अनुभव कड़वे रहे हैं, मैं अब उन सभी लोगों के नाम नहीं लेना चाहता। मैं भी यही भाषा बोलता था कि भारत अच्छा प्रदर्शन करेगा और भारत ऐसा देश होगा जिस पर सबकी नजर रहेगी, लेकिन वे (राष्ट्र प्रमुख) मुझसे कहते थे कि आप अधिक आशावादी हैं, भारत में ऐसा नहीं होगा।

ALSO READ: रूसी तेल आयात पर अमेरिकी पाबंदियों का भारतीय तेल आपूर्ति पर दिखने लगा असर

हालांकि नायडू ने इस बात पर प्रकाश डाला कि आज पूरी दुनिया कह रही है कि भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है और कुछ लोग ईर्ष्या कर सकते हैं लेकिन क्षमता बहुत विशाल है। नायडू ने कहा कि भारत में कई छिपी हुई ताकतें हैं जो नई नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश क्रय शक्ति समता के आधार पर तीसरा और विश्व में पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour



Source link

Leave a Reply

Back To Top