विश्व बेघर दिवस पर मुंबई के 11 फोटोग्राफर्स का सम्मान
पहचान के माय मुंबई कैलेंडर 2025 प्रोजेक्ट के तहत रचनात्मकता और मुंबई के जज़्बे को मिला सम्मान
मुंबई/ज्ञानप्रवाह न्युज,दि.१०/१०/२०२५ – विश्व बेघर दिवस के अवसर पर 10 अक्टूबर 2025 को मुंबई की बेघर समुदाय से जुड़े 11 प्रतिभाशाली फोटोग्राफर्स को उनकी रचनात्मकता और योगदान के लिए पहचान संस्था द्वारा आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया गया।
इन फोटोग्राफर्स ने Fujifilm के सिंगल यूज़ कैमरे का उपयोग करते हुए मुंबई शहर के जीवन, रंग और भावनाओं को अपने कैमरे में कैद किया। कुल 40 प्रतिभागियों में से इन 11 फोटोग्राफर्स की कृतियों को माय मुंबई कैलेंडर 2025 में शामिल किया गया है। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर 1,107 तस्वीरें तैयार कीं जो मुंबई शहर के अनदेखे पहलुओं की झलक पेश करती हैं।
आज आयोजित विशेष कार्यक्रम में इन फोटोग्राफर्स को सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने इन कलाकारों को नकद पुरस्कार,पदक और उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मानित फोटोग्राफर्स में आरती खारवा,आशा कतलकर,रंजन लोबो,अरुण खारवा, सुनंदा गायकवाड़ सहित अन्य शामिल हैं। इस मौके पर पहचान के अध्यक्ष बृजेश आर्या, सुभाष रोकडे,शर्मिला डिसोजा,टीस संस्था के श्याम,सेंट झेवियर्स महाविद्यालय से दानिश उपस्थित थे
पहचान के अध्यक्ष बृजेश आर्या ने कहा कि माय वर्ल्ड क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स के सहयोग से हमारा यह प्रयास बेघर व्यक्तियों की कलात्मक प्रतिभा को पहचान दिलाने और उनके जीवन की कहानियों को समाज तक पहुँचाने का है। इन फोटोग्राफ्स में मुंबई के प्रति गहरा प्रेम और वह रचनात्मक आत्मा झलकती है जो अक्सर अनदेखी रह जाती है।