
नगर निगम की भ्रष्ट व्यवस्था या सांठगांठ का खेल?
जबलपुर, 17 अप्रैल 2025 (एस.डी. न्यूज़ एजेंसी):
स्मार्ट सिटी का तमगा हासिल कर चुकी जबलपुर नगरी, वास्तविकता में अब “कुरूप सिटी” में तब्दील होती दिख रही है। नगर निगम की लचर और भ्रष्ट कार्यप्रणाली एक बार फिर उजागर हुई है, जहां नियमों और कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए शहर के प्रमुख चौराहे पर चार मंजिला व्यवसायिक इमारत खड़ी कर दी गई।
विजयनगर क्षेत्र के अहिंसा चौक पर निर्मित इस इमारत को लेकर स्थानीय नागरिकों में खासा आक्रोश है। बताया जा रहा है कि उक्त भवन रामजी सोनी नामक व्यक्ति का है, जो निर्माण उपरांत उसी में निवास भी कर रहे हैं। क्षेत्रीय सूत्रों के अनुसार, सोनी के सत्ताधारी दल के नेताओं और नगर निगम अधिकारियों से मधुर संबंध हैं, जिसका उन्होंने भरपूर लाभ उठाया। न तो भवन का नक्शा पास कराया गया, न पार्किंग की कोई व्यवस्था है और न ही किसी आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु कोई सुरक्षा उपाय किए गए हैं।
इस अवैध निर्माण को देखकर स्पष्ट होता है कि नगर निगम की मिलीभगत से ही यह सब संभव हो सका। जनमानस के लिए जहां नियम-कानून का कड़ाई से पालन अनिवार्य होता है, वहीं रसूखदारों के लिए सब कुछ “जैसा मन हो वैसा करो” की नीति अपनाई जाती है। निर्माण कार्य से जुड़ी सभी शर्तों की अनदेखी करते हुए, सिर्फ निजी स्वार्थ की पूर्ति हेतु नियमों को तोड़ा-मरोड़ा गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निगम के अधिकारी मोटी रकम और राजनीतिक दबाव के आगे बेबस नजर आते हैं। उनका यह भी आरोप है कि इस तरह के निर्माण से न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित होती है, बल्कि आमजन की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।
अब सवाल यह उठता है कि क्या नगर निगम केवल कमजोर और नियमों का पालन करने वाले नागरिकों के लिए ही सख्त है? या फिर यह एक संगठित भ्रष्ट तंत्र का हिस्सा बन चुका है, जो रसूख और रुपयों के आगे नियमों को बौना साबित कर देता है?
शहर के जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि इस अवैध इमारत पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की जाए, दोषी अधिकारियों की जांच कर दंडित किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
Related
Discover more from SD NEWS AGENCY
Subscribe to get the latest posts sent to your email.