पाकिस्तान में ट्रेन हाईजैक करने की कहानी, Train के सुरंग में पहुंचते ही धमाका, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग


Train hijacked in Pakistan

Train hijack in Pakistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में ट्रेन को हाईजैक करने की कहानी रौंगटे खड़े कर देने वाली है। पेशावर जाने वाली यह ट्रेन सुबह 9 बजे क्वेटा से रवाना हुई थी। जाफर एक्सप्रेस नामक यह ट्रेन जैसे ही बोलान के मस्काफ इलाके में पहुंची और यहां से ये 8 नंबर सुरंग को क्रॉस करने के लिए आगे बढ़ी तभी रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हो गया। इसके बाद बलूच विद्रोहियों ने ताबड़तोड़  फायरिंग शुरू कर दी। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस घटना की जिम्मेदारी ली है। 

 

ट्रेन में आईएसआई के अधिकारी भी : बताया जा रहा है कि विद्रोहियों और पाकिस्तान सिक्योरिटी फोर्सेस के बीच हुई गोलीबारी में पाकिस्तान के 6 सैनिकों की मौत हो गई। कुल मिलाकर 26 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गोलीबारी में ट्रेन का ड्रायवर भी घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि ट्रेन में पाकिस्तानी सेना एवं खुफिया एजेंसी आईएसआई के अधिकारी भी मौजूद हैं। बीएलए  ने इसे 'रणनीतिक हमला' बताया और पाकिस्तान सेना को चेतावनी दी कि अगर सैन्य कार्रवाई हुई तो सभी बंधकों को मार दिया जाएगा। दरअसल, बलूच राष्ट्रवाद का समर्थक यह संगठन बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग करता है। ALSO READ: BLA : पाकिस्तान की नाक में दम करने वाला बीएलए कितना घातक और किस उद्देश्य के लिए लड़ रहे हैं 6000 लड़ाके

 

बीएलए पर पाकिस्तान ने लगा रखा है प्रतिबंध : ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस पर हमला बलूचिस्तान के कच्छी जिले के माच टाउन के आब-ए-गम इलाके के पास हुआ। खबर के मुताबिक, करीब छह हथियारबंद लोगों ने ट्रेन पर गोलीबारी की, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। इस समूह पर पाकिस्तान, ब्रिटेन और अमेरिका ने प्रतिबंध लगा रखा है। रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ट्रेन का चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है और सहायता के लिए एक आपातकालीन राहत ट्रेन भेजी गई है। ALSO READ: भारत में भी हो चुकी है Train Hijack की घटनाएं, 300-400 माओवादियों ने किया था ट्रेन पर कब्जा

 

अंग्रेजी अखबार ‘डॉन’ ने बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के हवाले से खबर दी कि क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस पर पेहरो कुनरी और गदालार के बीच भारी गोलीबारी की खबरें हैं। इस बीच, रेलवे नियंत्रक मुहम्मद कासिफ ने बताया है कि 9 डिब्बों वाली इस ट्रेन में करीब 500 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि ट्रेन को सुरंग संख्या 8 में हथियारबंद लोगों ने रोक दिया।

 

कुछ महिला और बच्चों को छोड़ा गया : इस बीच, खबर है कि ट्रेन से कुछ यात्रियों को छोड़ा गया है, जिसमें बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने फिलहाल उस इलाके को घेर रखा है, जहां ट्रेन को हाईजैक किया गया है। बताया जाता है कि सैनिकों को बचाने के लिए एयरस्ट्राइक की तैयारी है, लेकिन बीएलए ने धमकाते हुए इसे रोकने को कहा है। बीएलए ने चेतावनी दी है कि अगर सेना ने कोई कार्रवाई की तो सभी बंधकों को मार दिया जाएगा।

 

बलूचिस्तान सरकार ने स्थानीय अधिकारियों को ‘आपातकालीन कदम’ उठाने का निर्देश दिया है। प्रांतीय सरकार के एक बयान में कहा गया है कि सिबी अस्पताल में आपातकाल लागू कर दिया गया है और एंबुलेंस और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। पिछले वर्ष अक्टूबर में पाकिस्तान रेलवे ने डेढ़ महीने से अधिक समय के निलंबन के बाद क्वेटा और पेशावर के बीच रेल सेवाएं बहाल करने की घोषणा की थी।

 

ब‍लूचिस्तान में हमले बढ़े : बलूचिस्तान में पिछले एक साल में आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है। नवंबर 2024 में क्वेटा रेलवे स्टेशन पर हुए आत्मघाती धमाके में कम से कम 26 लोग मारे गए थे और 62 अन्य घायल हुए थे। तेल और खनिज संपन्न बलूचिस्तान, पाकिस्तान का क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे बड़ा लेकिन सबसे कम आबादी वाला प्रांत है।

 

ईरान और अफगानिस्तान की सीमा से लगा बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसक अलगाववाद से जूझ रहा है। बलूच विद्रोही समूह अक्सर सुरक्षा कर्मियों, सरकारी परियोजनाओं और क्षेत्र में 60 अरब अमेरिकी डॉलर की लागत वाली चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजनाओं को निशाना बनाकर हमले करते रहते हैं। (भाषा/वेबदुनिया)

Edited by: Vrijendra Singh Jhala 

 



Source link

Leave a Reply

Back To Top