मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव – सच्चा दोस्त न्यूज़


जबलपुर, 31 अक्टूबर 2025।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि महिलाओं की उन्नति के बिना समग्र विकास की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की हर बेटी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े, हर बहन सशक्त बने और हर महिला सम्मानपूर्वक जीवन जिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए राज्य सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी दिशा में आरंभ किया गया ‘देवी अहिल्या नारी सशक्तिकरण मिशन’ महिलाओं को नई ताकत और नए अवसर प्रदान कर रहा है। यह मिशन महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सुरक्षा और स्वावलंबन की दिशा में नई ऊर्जा दे रहा है।

डॉ. यादव ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए राज्य सरकार ने ‘सैनिटेशन एवं हाइजीन योजना’ लागू की है, जिसके अंतर्गत छात्राओं को सेनेटरी पैड्स क्रय हेतु सहायता राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है। अब तक 20 लाख से अधिक बेटियों को 118 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि बेटियों के हित में ऐसा कदम उठाने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “हमारी बहनें समाज की शक्ति हैं। देवी अहिल्या मिशन ने उनके जीवन में नई उम्मीद, नई ऊर्जा और नए अवसरों के द्वार खोले हैं। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हर बहन को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मान मिले।”

उन्होंने बताया कि मिशन के अंतर्गत महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण, उद्यमिता, सरकारी योजनाओं का लाभ, नेतृत्व प्रशिक्षण, अधिकार संरक्षण और सुरक्षा सेवाएँ एकीकृत रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने शासकीय नौकरियों में महिला आरक्षण 35 प्रतिशत कर दिया है। साथ ही नगरीय निकायों की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के मानदेय में 20 प्रतिशत वृद्धि कर उन्हें और अधिक सम्मान दिया गया है।

डॉ. यादव ने कहा कि वस्त्र उद्योग में कार्यरत महिलाओं को प्रोत्साहन राशि देने और औद्योगिक क्षेत्रों में वर्किंग वुमन हॉस्टल्स की सुविधाएं विकसित करने के निर्णय लिए गए हैं। इससे महिलाएं सुरक्षित वातावरण में कार्य कर सकेंगी और आत्मनिर्भर बनेंगी।

मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ बताया कि आज प्रदेश के 47 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं, जो यह दर्शाता है कि मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में महिलाएं अभूतपूर्व योगदान दे रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Back To Top